महाशिवरात्रि पर्व पर मंगलवार को केन्द्रीय खाद्य और सार्वजनिक वितरण एवं ग्रामीण विकास राज्यमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने काशीपुराधिपति बाबा विश्वनाथ के दरबार में हाजिरी लगाई। अपने जन्मदिन पर दरबार में दर्शन पूजन के बीच केन्द्रीय मंत्री ने प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत, राष्ट्र कल्याण, देश में सुख शांति की कामना की।
ज्ञानवापी क्रासिंग पर पत्रकारों से बातचीत में साध्वी निरंजन ने कहा कि बनारस की धरती पर हूं। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बनारस को दिव्य और भव्य बना दिया है। उन्होंने दावा किया कि इस बार विधानसभा चुनाव में 2017 का भी रिकॉर्ड टूटेगा। समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि एक तरफ वे हैं जो आतंकियों के मुकदमे वापस लेते हैं। दूसरी तरफ वह है जो आतंकियों को ठोकने का काम करते हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना कर कहा कि योगी ने कानून का राज स्थापित किया है। आज उत्तर प्रदेश में बहन-बेटियां रात में भी कहीं भी आ-जा सकती हैं। साध्वी निरंजन ज्योति ने कांग्रेस पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि महिलाओं को सम्मान देना व टिकट वितरण करना दोनों में बहुत अंतर है। कांग्रेस में सोनिया और प्रियंका को छोड़कर कोई दूसरी महिला नहीं है क्या ? यदि महिलाओं से उन्हें इतनी ही हमदर्दी है, तो परिवार से हटकर किसी को भी राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दें।