Thursday, November 30

उत्तराखंड राज्य निर्माण की विरोधी कांग्रेस को इस बार भी जनता स्वीकार नहीं करेगी: मदन कौशिक

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि उत्तराखंड राज्य निर्माण की विरोधी कांग्रेस को इस बार भी जनता स्वीकार नहीं करेगी। सत्ता में आने के लिए कांग्रेस तमाम भ्रम की बातों को उठाने की पूरी फिराक में है।

शनिवार को रिस्पना पुल स्थित भाजपा के मीडिया सेंटर में प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने पत्रकार सम्मेलन में कांग्रेस को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने राज्य को बनाया है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार संवारने का काम कर रही है और आगे भी करेगी।

मदन कौशिक ने कहा कि जातिवाद, परिवारवाद, तुष्टिकरण और भ्रष्टाचार के दलदल में आकंठ डूबी कांग्रेस को देश के साथ-साथ उत्तराखंड की जनता इस बार चुनाव में फिर नकार देगी। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में हर गरीब का घर और उस घर में बिजली, पानी, गैस और शौचालय देने की प्रतिबद्धता के साथ हम 2025 तक देश में उत्तराखंड का दशक लेकर आने वाले हैं।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि राज्य निर्माण के समय आंदोलनकारियों पर कांग्रेस सरकार ने अत्याचार करने का काम किया है। कांग्रेस के इस कार्य को जनता भूलने वाली नहीं है। ऐसे में कांग्रेस के नेताओं की उत्तराखंडियत की बात करना कहीं से शोभा नहीं देता। विकास के वादों पर कांग्रेस सरकार कभी भी खरा नहीं उतरी। कांग्रेस सरकार में केवल हमेशा भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बनने की हड़बड़ी में रहने वाले हरीश रावत के घपलों-घोटालों और स्टिंग ऑपरेशन की सरकार को सभी ने देखा है। वहीं हमारी सरकार पर विपक्ष भी भ्रष्टाचार का एक भी आरोप आज तक नहीं लगा पाया। अब तक सभी कांग्रेस सरकारें एक फेल सरकार के रूप में जानी जाती है जबकि भारतीय जनता पार्टी की सरकार डबल इंजन की सरकार के नाम और काम से जानी जाती है। प्रदेश में संचालित डेढ़ लाख करोड़ की विकास योजनाएं इसका प्रमाण हैं।

हमेशा सेना और सैनिकों का अपमान किया है कांग्रेस

मदन कौशिक ने कहा कि हमेशा सेना और सैनिकों का अपमान करने वाली कांग्रेस आज सैनिक प्रेम का ढकोसला कर रही है। लेकिन इनकी ही सरकारों में रक्षा बजट सिकुड़ कर 2013-14 में मात्र दो लाख करोड़ का रह गया था जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार में 2021-22 में यह बढ़ कर लगभग 4.78 लाख करोड़ तक हो गया है। 1972 से जवानों की अहम वन रेंक वन पेंशन की मांग को लटकाया भटकाया जा रहा था लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने सत्ता में आते ही एक झटके में इस मांग को पूरा कर 20 लाख से अधिक सेवानिवृत सैनिक इसका लाभ ले रहे हैं।

कांग्रेस अपनी सरकार की नहीं रखती हिसाब

कौशिक ने कहा कि हमने तो अनेकों बार अपने पांच साल के कार्यकाल का हिसाब उत्तराखंड की जनता के सामने रखा है। राज्य की पूर्ववर्ती हरीश रावत की सरकार अपने कार्यकाल का हिसाब लेकर जनता के सामने आने की हिम्मत नहीं जुटा पाती है।

शिशु मृत्यु दर घटी

कांग्रेस की सरकार में वार्षिक स्वास्थ्य बजट जहां केवल 837 करोड़ था, वहीं हमारी सरकार में यह 3 हजार करोड़ किया गया। बेहतर स्वस्थ्य व्यवस्थता का ही परिणाम है कि राज्य में में शिशु मृत्यु दर 1000 में 38 से घट कर 31 हुई है। डबल इंजन की हमारी सरकार में पांच नए मेडिकल कॉलेज बनाये गए हैं और 6 जिलों में डायलिसिस सेंटर बनाये गए हैं। कोरोना काल में अनाथ बच्चों के लिए उत्तराखंड की डबल इंजन की सरकार ने वात्सल्य योजना की शुरुआत की । प्रदेश में शत प्रतिशत कोविड टीकाकरण हमारी प्रदेश की जनता के सेहत को लेकर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।